
चंडीगढ़: करीब एक महीने पहले जालंधर के भोगपुर के पास गोली मारकर की गई जसपाल सिंह उर्फ शालू की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें मुख्य आरोपी को पुलिस ने चंडीगढ़ एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से अब तक कुल पांच अवैध हथियार बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस आरोपियों को जल्द ही कोर्ट में पेश करेगी और पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी। डीजीपी गौरव यादव ने कहा- जालंधर ग्रामीण पुलिस ने भोगपुर के जसपाल मर्डर केस को सुलझा लिया है। मुख्य आरोपी को चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है। पांच हथियार बरामद किये गये हैं। मुख्य सप्लायर को भी बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। डीजीपी ने कहा- आरोपी सारे हथियार बिहार से लाए थे। जसपाल की चार लोगों ने हत्या कर दी थी। जसपाल मूल रूप से भोगपुर का रहने वाला था। उक्त युवक की भोगपुर में मोगा रेलवे फाटक के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले जसपाल की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया गया और फिर उसके सिर में गोली मार दी गई।