
अमृतसर : शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर बादल को पंजाब में धार्मिक सजा सुनाई गई है। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने सुखबीर को तनख़ाहिआ घोषित कर दिया है। सुखबीर बादल पर अपनी सरकार के दौरान डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को माफ करने का आरोप लगा था। ज्ञानी रघबीर सिंह ने कहा- ”अकाली दल के अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री रहते हुए सुखबीर बादल ने कुछ ऐसे फैसले लिए जिससे अक्सर पंथक ढांचे को नुकसान पहुंचा। सिख पंथ को बहुत नुकसान हुआ। 2007 से 2017 तक के सिख कैबिनेट मंत्रियों को भी अपना स्पष्टीकरण देना चाहिए। अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने कहा कि सुखबीर बादल को एक आम सिख की तरह अकाल तख्त आना चाहिए और अपने अपराधों के लिए माफी मांगनी चाहिए। सुखबीर बादल 15 दिन के अंदर अकाल तख्त पर पेश हों। अकाली दल के प्रवक्ता विरसा सिंह वल्टोहा ने कहा कि अब सुखबीर बादल अकाल तख्त पर दिखेंगे। इसके बाद उन्हें उनके गुनाह बताए जाएंगे, जिस पर सुखबीर बादल अपना पक्ष रखेंगे।