
चंडीगढ़- दिवाली के अगले दिन आज पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘खराब’ और ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ऐप के अनुसार, आज सुबह 9 बजे हरियाणा के गुरुग्राम में सबसे अधिक AQI 344 और पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में 331 दर्ज किया गया। इसी तरह चंडीगढ़ में AQI 303 रहा. मौसम विभाग द्वारा निर्धारित पैमाने के अनुसार, 201 और 300 के बीच एक AQI को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। पंजाब के अमृतसर में यह 314, खन्ना में 308, पटियाला में 260, जालंधर में 253 और लुधियाना में 214 दर्ज किया गया। हरियाणा के गुरुग्राम में AQI 344, जिंद में 340, अंबाला में 308 और कुरूक्षेत्र में 304 दर्ज किया गया. दिवाली पर सीमित समय के लिए केवल हरित पटाखों की अनुमति थी। पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में रात 8 बजे से 10 बजे तक ग्रीन पटाखे चलाने की इजाजत थी, लेकिन शहर के कई इलाकों में लोग रात 10 बजे के बाद भी पटाखे जलाते रहे. पंजाब सरकार ने हाल ही में कहा था कि दिवाली, गुरुपर्व, क्रिसमस और नए साल की पूर्व संध्या पर केवल हरित पटाखों की अनुमति होगी।